अररिया में 50 हजार रुपये रिश्वत लेते उद्योग विभाग के महाप्रबंधक गिरफ्तार
अररिया में 50 हजार रुपये रिश्वत लेते उद्योग विभाग के महाप्रबंधक गिरफ्तार
अररिया में 50 हजार रुपये रिश्वत लेते उद्योग विभाग के महाप्रबंधक गिरफ्तार
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अररिया जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। निगरानी की टीम ने शनिवार को शिवपुरी स्थित उनके किराये के आवास पर कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी को पूछताछ एवं आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पटना स्थित विशेष निगरानी न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
जानकारी के अनुसार, अररिया के बांगमा निवासी मशीन आपूर्तिकर्ता मोहम्मद कमरे आलम ने सरकारी योजना के तहत विभिन्न लाभुकों को करीब 17 लाख रुपये की मशीनों की आपूर्ति की थी। आरोप है कि इस आपूर्ति के एवज में महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल ने पांच प्रतिशत की दर से 85 हजार रुपये कमीशन की मांग की थी। रिश्वत देने के इच्छुक नहीं होने पर आपूर्तिकर्ता ने इसकी शिकायत पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की।
शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी ब्यूरो ने सात अगस्त 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कांड संख्या 95/26 दर्ज किया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक सतीश चंद्र माधव के नेतृत्व में धावा दल का गठन किया गया।
शनिवार को निगरानी टीम ने महाप्रबंधक के शिवपुरी स्थित आवास पर जाल बिछाया। जैसे ही आपूर्तिकर्ता ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये अनिल कुमार मंडल को दिए, पहले से मौजूद निगरानी टीम ने उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया। उनके आवास की अलमारी से रिश्वत की रकम भी बरामद की गई।
निगरानी की इस कार्रवाई के बाद जिले के प्रशासनिक महकमे और उद्योग विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।