विश्वविद्यालय स्वायत्तता के विरोध में 10 अगस्त को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे जनता कोशी कॉलेज के शिक्षक व कर्मी
दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।
बिहार सरकार द्वारा प्रस्तावित नए विश्वविद्यालय अधिनियम के खिलाफ प्रदेश भर के शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों का आक्रोश गहराता जा रहा है। सरकार द्वारा विश्वविद्यालय की स्वायत्तता समाप्त किए जाने के विरोध में ‘विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी संघर्ष मोर्चा, बिहार’ के आह्वान पर आगामी 10 अगस्त 2026 को शिक्षक और कर्मचारी सामूहिक अवकाश (Mass C.L.) पर रहेंगे।
जनता कोशी महाविद्यालय, बिरौल (ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई) के शिक्षक संघ और कर्मचारी संघ ने संयुक्त रूप से महाविद्यालय के प्रधानाचार्य को पत्र सौंपकर इस संबंध में आधिकारिक सूचना दी है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि संघर्ष मोर्चा द्वारा चलाए जा रहे चरणबद्ध आंदोलन के तहत 10 अगस्त को कॉलेज के सभी शिक्षक और कर्मी एक साथ सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। अवकाश के दौरान सभी शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारी विश्वविद्यालय मुख्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन में भाग लेंगे और सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रस्तावित अधिनियम से विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता पूरी तरह खत्म हो जाएगी, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। 10 अगस्त को सामूहिक अवकाश और प्रदर्शन के कारण महाविद्यालय में पठन-पाठन और प्रशासनिक कार्य पूरी तरह ठप रहने की संभावना है।

