दरभंगा की बेटी भावना कंठ ने रचा इतिहास, बनीं देश की पहली महिला ‘टॉप गन’,

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी बधाई, कहा—बिहार ही नहीं पूरे देश के लिए गर्व का क्षण

दस्तक 7मीडिया /पटना 

पटना। बिहार की बेटी और दरभंगा जिले के घनश्यामपुर की रहने वाली भावना कंठ ने भारतीय वायुसेना में एक नया इतिहास रच दिया है। भावना कंठ ने भारतीय वायुसेना के प्रतिष्ठित टीएडीसीई (TADCE) में कठिन एवं चुनौतीपूर्ण फाइटर कॉम्बैट लीडर कोर्स सफलतापूर्वक पूरा कर देश की पहली महिला ‘टॉप गन’ बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से दरभंगा सहित पूरे बिहार में खुशी और गर्व का माहौल है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भावना कंठ को इस असाधारण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की बेटी ने आसमान में नया इतिहास रचकर पूरे राज्य का मान बढ़ाया है। भावना कंठ की सफलता बिहार के साथ-साथ पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।

कठिन प्रशिक्षण पूरा कर हासिल किया गौरव

भारतीय वायुसेना के फाइटर कॉम्बैट लीडर कोर्स को अत्यंत कठिन और चुनौतीपूर्ण प्रशिक्षणों में माना जाता है। इस प्रशिक्षण में लड़ाकू विमान संचालन, युद्ध परिस्थितियों में नेतृत्व, सामरिक निर्णय लेने की क्षमता और बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मिशन को प्रभावी ढंग से पूरा करने की दक्षता को परखा जाता है।

भावना कंठ ने कठिन प्रशिक्षण और चुनौतियों को पार करते हुए यह प्रतिष्ठित कोर्स सफलतापूर्वक पूरा किया। इसके साथ ही वह देश की पहली महिला ‘टॉप गन’ बनने वाली अधिकारी बन गई हैं। यह उपलब्धि भारतीय वायुसेना में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और उनकी पेशेवर क्षमता का भी महत्वपूर्ण उदाहरण मानी जा रही है।

घनश्यामपुर से आसमान की ऊंचाइयों तक पहुंचीं भावना

दरभंगा के घनश्यामपुर की धरती से निकलकर भारतीय वायुसेना के आकाश तक पहुंची भावना कंठ की उपलब्धि ने जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता ने यह साबित किया है कि बिहार की बेटियां भी कठिन से कठिन क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और साहस का परचम लहरा सकती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भावना कंठ का साहस, समर्पण और उत्कृष्टता देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए कठिन परिश्रम करने और हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने की प्रेरणा देगी।

युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा

भावना कंठ की यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि यह देश की बेटियों के लिए भी एक बड़ा संदेश है। उन्होंने यह दिखाया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और समर्पण के बल पर महिलाएं किसी भी चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकती हैं।

बिहार के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि दरभंगा की बेटी ने देश की रक्षा से जुड़े सबसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में से एक में अपनी दक्षता साबित कर राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भावना कंठ के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अनंत शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि भावना कंठ आने वाले समय में भी देश की सेवा करते हुए नई ऊंचाइयों को हासिल करेंगी और बिहार की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेंगी।