18 दिव्यांगजनों को मिली मोटराइज्ड ट्राई साइकिल, आवागमन होगा आसान,
बुनियाद केंद्र में लाभुकों को दिया गया सुरक्षित संचालन का प्रशिक्षण, यूडीआईडी कार्ड की अनिवार्यता बताई

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बहादुरपुर स्थित बुनियाद केंद्र में शुक्रवार को 18 पात्र एवं जरूरतमंद दिव्यांगजनों के बीच मोटराइज्ड ट्राई साइकिल का वितरण किया गया। जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में सहायक निदेशक दिव्यांगजन सशक्तीकरण आशीष अमन और बहादुरपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी ने लाभुकों को ट्राई साइकिल सौंपी।

मोटराइज्ड ट्राई साइकिल मिलने से दिव्यांगजनों के लिए आवागमन अधिक सुगम होने की उम्मीद है। लाभुकों को ट्राई साइकिल सौंपने के साथ ही इसके सुरक्षित एवं सुगम संचालन का प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि उन्हें वाहन के इस्तेमाल में किसी तरह की परेशानी न हो।

कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों और उनके परिजनों को यूनिक डिसेबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड की अनिवार्यता के बारे में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न सरकारी योजनाओं, सुविधाओं और पेंशन का त्वरित एवं निर्बाध लाभ लेने के लिए यूडीआईडी कार्ड बनवाना जरूरी है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन और लाभुकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सहायक निदेशक आशीष अमन और उनके कार्यालय के कर्मियों ने संभाली।