15 अगस्त के सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए छात्र-छात्राओं का ऑडिशन,

विभिन्न स्कूलों व प्रशिक्षण केंद्रों के बच्चों ने दीं 26 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, चयनित प्रतिभागियों को समारोह में मिलेगा मौका

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत शनिवार को लहेरियासराय स्थित प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी में सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए छात्र-छात्राओं का ऑडिशन आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न सरकारी व निजी विद्यालयों तथा प्रशिक्षण केंद्रों से आए छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

ऑडिशन में कुल 26 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इनमें आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, दरभंगा और किलकारी प्रशिक्षण केंद्र, दरभंगा के अलावा विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी-सह-प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार तथा जिला शिक्षा विभाग के संभाग प्रभारी सुनील कुमार मौजूद रहे।

जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि प्रस्तुतियों के आधार पर 15 अगस्त को आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए संस्थानों और प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। चयनित संस्थानों को इसकी सूचना उपलब्ध करा दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि चयन के दौरान प्रतिभागियों की कला, प्रस्तुति और कार्यक्रम की उपयुक्तता को ध्यान में रखा जाएगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह जिले के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को अपनी कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करेगा।