सखी वन स्टॉप सेंटर का प्रशिक्षु आईएएस ने किया औचक निरीक्षण,पीड़ित महिलाओं को मिल रही चिकित्सा, कानूनी व मनो-सामाजिक सहायता का लिया जायजा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

मिशन शक्ति योजना के तहत संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर का शनिवार को प्रशिक्षु आईएएस कल्पना रावत ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चांदनी सिंह के साथ औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली, पीड़ित एवं संकटग्रस्त महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कल्पना रावत ने चिकित्सकीय सहायता, मनो-सामाजिक परामर्श, पुलिस सहायता, विधिक सहायता एवं परामर्श तथा अस्थायी आश्रय सहित अन्य सुविधाओं की प्रक्रिया के बारे में केंद्र के पदाधिकारियों और कर्मियों से जानकारी ली। उन्होंने केंद्र के विभिन्न कक्षों और उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया।

प्रशिक्षु आईएएस ने केंद्र में आश्रय ले रही एक पीड़ित महिला से सीधे बातचीत कर आवास, भोजन, सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधा और परामर्श समेत अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कर्मियों से विभिन्न मामलों में पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय की प्रक्रिया भी समझी।

निरीक्षण के दौरान केंद्र की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। प्रशिक्षु आईएएस ने कर्मियों को पीड़ित महिलाओं के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने तथा जरूरतमंद महिलाओं को उनकी परिस्थिति के अनुसार त्वरित, समन्वित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

मौके पर केंद्र प्रशासक अजमतुन निशा सहित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे। केंद्र की ओर से कल्पना रावत को पाग और चादर प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सखी वन स्टॉप सेंटर का उद्देश्य हिंसा या संकट से गुजर रही महिलाओं को एक ही स्थान पर आवश्यक सहायता और सेवाएं उपलब्ध कराना, उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण देना तथा उनके पुनर्वास और सशक्तीकरण में सहयोग करना है।