फेविकोल की आड़ में कंटेनर से 1309 लीटर विदेशी शराब बरामद,
बहेड़ी के शिवराम गांव में मद्य निषेध टीम की कार्रवाई, जेसीबी-क्रेन से निकाला गया 10 चक्का कंटेनर
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मद्य निषेध टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। बहेड़ी थाना क्षेत्र के शिवराम गांव में फेविकोल की आड़ में ले जाई जा रही 1309.32 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 10 चक्का कंटेनर को भी जब्त किया गया है।जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर हुई कार्रवाई के दौरान मद्य निषेध टीम ने कंटेनर को पकड़ा। बताया गया कि शराब से लदा कंटेनर रास्ते में फंस गया था। इसके बाद जेसीबी और क्रेन की मदद से कंटेनर को निकालकर मद्य निषेध थाना, सदर लाया गया।सहायक आयुक्त, मद्य निषेध प्रदीप कुमार ने बताया कि बरामद शराब और कंटेनर के संबंध में नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में शराब के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

