सूर्यघर योजना का लाभ दिलाने वार्ड पार्षदों को सौंपी जिम्मेदारी,

डीएम ने कहा- हर वार्ड में पहुंचाएं योजना की जानकारी, 3 किलोवाट तक ₹78 हजार की सब्सिडी

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को दरभंगा नगर निगम सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में नगर निगम की महापौर अंजुम आरा, सभी वार्ड पार्षद, विद्युत विभाग, नगर निगम के अधिकारी और अधिकृत वेंडर शामिल हुए।

कार्यशाला में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, सोलर संयंत्र लगाने की प्रक्रिया, अनुदान और इसके लाभों की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र लगाने पर सरकार की ओर से सब्सिडी दी जा रही है। एक किलोवाट के संयंत्र पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये और तीन किलोवाट क्षमता के संयंत्र पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है।

डीएम कौशल कुमार ने वार्ड पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्र में लोगों के बीच योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वार्ड पार्षद स्थानीय लोगों से सीधे जुड़े होते हैं, इसलिए पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक परिवारों को योजना से जोड़ने के लिए जन-जागरूकता जरूरी है।

उन्होंने पार्षदों से लोगों को आवेदन की प्रक्रिया, योजना से मिलने वाले लाभ और सोलर संयंत्र लगाने से बिजली बिल में होने वाली बचत की जानकारी देने को कहा, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता इसका लाभ उठा सकें।

कार्यशाला में बताया गया कि योजना का उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे बिजली बिल में कमी के साथ स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

अधिकारी और अधिकृत वेंडरों ने योजना से जुड़ी तकनीकी एवं व्यवहारिक जानकारी भी दी। कार्यशाला में नगर आयुक्त राकेश कुमार, विद्युत अधीक्षण अभियंता अजय कुमार, कार्यपालक अभियंता विकास कुमार व केशव कुमार समेत विद्युत विभाग और नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।