अररिया :नशीले पदार्थों के कारोबार में कथित लापरवाही पर जोगबनी थानाध्यक्ष निलंबित, विभागीय जांच शुरू, एसपी की रिपोर्ट पर आईजी ने की कार्रवाई, कांड संख्या 49/2026 की जांच में अनियमितता के आरोप भी बने आधार
अररिया :नशीले पदार्थों के कारोबार में कथित लापरवाही पर जोगबनी थानाध्यक्ष निलंबित, विभागीय जांच शुरू, एसपी की रिपोर्ट पर आईजी ने की कार्रवाई, कांड संख्या 49/2026 की जांच में अनियमितता के आरोप भी बने आधार
अररिया :नशीले पदार्थों के कारोबार में कथित लापरवाही पर जोगबनी थानाध्यक्ष निलंबित, विभागीय जांच शुरू,
एसपी की रिपोर्ट पर आईजी ने की कार्रवाई, कांड संख्या 49/2026 की जांच में अनियमितता के आरोप भी बने आधार
दस्तक 7मीडिया /अररिया।
नेपाल सीमा से सटे जोगबनी थाना के थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक महादेव कामत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई अररिया पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार की रिपोर्ट के आधार पर पूर्णिया प्रक्षेत्र के आईजी विवेकानंद द्वारा की गई है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, महादेव कामत पर जोगबनी थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों के कथित कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं करने, तस्करों के खिलाफ छापेमारी में लापरवाही बरतने तथा लगातार मिल रही शिकायतों के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए गए हैं। कुछ शिकायतों में अवैध उगाही के आरोप भी शामिल हैं, जिनकी सत्यता विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
मामले में जोगबनी थाना कांड संख्या 49/2026 भी जांच का अहम आधार बना है। इस कांड में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 तथा एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि गिरफ्तार आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान का केस डायरी में समुचित उल्लेख नहीं किया गया, जिससे जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठे। एसपी की रिपोर्ट में इसे गंभीर लापरवाही माना गया है।
बताया जाता है कि महादेव कामत से पूर्व में स्पष्टीकरण भी मांगा गया था, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद अनुशासनहीनता, कर्तव्य में लापरवाही और पुलिस विभाग की छवि प्रभावित करने के आरोपों के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई।
इधर, अररिया पुलिस में हाल के दिनों में अनुशासनात्मक कार्रवाई का दायरा बढ़ा है। जोगबनी के अलावा कुआड़ी थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष राजू कुमार पहले ही निलंबित किए जा चुके हैं, जबकि बरदाहा के मिथिलेश कुमार सिंह और मदनपुर के सम्सुदीन अंसारी को लाइन हाजिर किया गया है।