गार्ड अपहरण मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन अभियुक्त आठ घंटे में गिरफ्तार

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर, दरभंगा।

किरतपुर, तरवाड़ा स्थित राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय के रात्रि प्रहरी उमेश लाल देव के अपहरण और मारपीट मामले का जमालपुर थाना पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना के महज आठ घंटे के भीतर कार्रवाई पूरी कर आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत किया। जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात दो बाइक पर सवार बदमाश विद्यालय पहुंचे और ड्यूटी पर तैनात गार्ड उमेश लाल देव के साथ मारपीट कर जबरन अपने साथ रसियारी की ओर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही जमालपुर थाना पुलिस सक्रिय हो गई और तटबंध पर बदमाशों का पीछा शुरू किया। पुलिस का दबाव बढ़ता देख अपहृत गार्ड ने चलती बाइक से छलांग लगा दी और तटबंध के समीप स्थित एक घर में पहुंचकर शरण ली। इससे उनकी जान बच गई। बाद में पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बरामद कर किरतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। जमालपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मामले में त्वरित छापेमारी कर अलीनगर थाना क्षेत्र के टीका पट्टी निवासी राजा लाल देव और प्रमोद कुमार देव तथा मधुबनी जिले के भेजा थाना क्षेत्र के बलथी निवासी अमित कुमार देव को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है और घटना से जुड़े अन्य बिंदुओं की भी पड़ताल की जा रही है।