09 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, 12 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा 

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

जिले में 09 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के सफल संचालन को लेकर जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत 12 अगस्त को जिला एवं प्रखंड स्तर पर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जबकि विद्यालयों, पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों और सरकारी कार्यालयों में भी विविध कार्यक्रम होंगे।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि 12 अगस्त को सुबह 8 बजे जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन, वरीय पुलिस अधीक्षक, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड, मेरा युवा भारत के सदस्य तथा बड़ी संख्या में आमजन शामिल होंगे। यात्रा कर्पूरी चौक से शुरू होकर बेंता चौक, लहेरियासराय टावर स्थित महात्मा गांधी स्मारक और लोहिया चौक तक जाएगी, जहां विभिन्न स्थानों पर संबोधन और पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित होंगे।

अभियान के तहत जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता, तिरंगा एवं ‘वंदे मातरम्’ प्रदर्शनी, सामूहिक वंदे मातरम् गायन तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 15 अगस्त की सांस्कृतिक संध्या भी ‘हर घर तिरंगा’ थीम पर आधारित होगी, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।

जिला प्रशासन ने सभी सरकारी कार्यालयों को भवनों को त्रिवर्णीय रोशनी से सजाने, प्रखंड एवं अनुमंडल कार्यालयों में ‘सेल्फी विद तिरंगा’ स्टैंड लगाने तथा जीविका समूहों के माध्यम से फ्लैग कोड ऑफ इंडिया के अनुरूप खादी के राष्ट्रीय ध्वज खरीदकर आम लोगों और विद्यार्थियों के बीच वितरित करने के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा पंचायतों, पैक्स, व्यापार मंडलों, स्वास्थ्य विभाग, आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, जीएनएम तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से भी झंडोत्तोलन, राष्ट्रीय ध्वज वितरण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान से संबंधित फोटो, वीडियो और गतिविधियों की रिपोर्ट प्रतिदिन www.harghartiranga.com पर अपलोड की जाएगी।

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि 09 से 17 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना का प्रदर्शन करें।