डीएम की जन-सुनवाई में 20 से अधिक मामलों की सुनवाई, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

बिहार सरकार के ‘निश्चय पार्ट–3 : सबका सम्मान, जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में जन-सुनवाई एवं समाधान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 20 से अधिक लोगों की समस्याओं की सुनवाई की गई।

जिलाधिकारी ने फरियादियों को सम्मानपूर्वक बैठाकर उनकी समस्याएं धैर्यपूर्वक सुनीं। कई मामलों में उन्होंने स्वयं दूरभाष पर संबंधित अधिकारियों से बात कर तत्काल आवश्यक निर्देश दिए, जबकि अन्य मामलों में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

डीएम ने कहा कि जन-सुनवाई कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को प्रशासनिक सेवाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के मिल सके।

जन-सुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदनों में भूमि विवाद, अतिक्रमण हटाने, वृद्धावस्था पेंशन, बिजली विभाग से जुड़ी शिकायतें तथा अन्य जनहित के मामले प्रमुख रहे। सभी मामलों पर गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।