रैयाम चीनी मिल क्षेत्र में 1900 एकड़ गन्ना विस्तार का लक्ष्य, इच्छुक किसानों को मिलेगा मुफ्त बीज

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

रैयाम चीनी मिल क्षेत्र में गन्ना उत्पादन बढ़ाने और किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को रैयाम चीनी मिल परिसर में किसानों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक निदेशक ईख विकास, दरभंगा अजित कुमार प्रसाद ने की।

बैठक में किसानों को गन्ना क्षेत्र विस्तार योजना, गन्ना पंजीकरण, सहकारिता पंजीकरण तथा विभागीय पोर्टल ccs.bihar.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन बीज आवेदन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

सहायक निदेशक ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए रैयाम चीनी मिल क्षेत्र में 1900 एकड़ गन्ना क्षेत्र विस्तार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत चीनी मिल से 8 से 9 किलोमीटर की परिधि में आने वाले इच्छुक किसानों को क्षेत्र विस्तार योजना के अंतर्गत उत्तम गुणवत्ता का गन्ना बीज निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि आगामी सोमवार से रैयाम चीनी मिल परिसर में नियमित शिविर लगाया जाएगा, जहां किसान आवेदन जमा करने के साथ-साथ योजनाओं से जुड़ी अन्य आवश्यक जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।

बैठक में विभागीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी, स्थानीय किसान तथा जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।