स्थानांतरण पर अवर सचिवों को भावभीनी विदाई, आयुक्त कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

बिहार सचिवालय सेवा के दो अधिकारियों के स्थानांतरण के अवसर पर शुक्रवार को आयुक्त कार्यालय, दरभंगा प्रमंडल में विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अवर सचिवों को अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह की अध्यक्षता संयुक्त आयुक्त-सह-सचिव, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार, दरभंगा प्रमंडल मनोज कुमार ने की। इस दौरान नवनीत कुमार दुबे, जिनका स्थानांतरण गन्ना उद्योग विभाग, बिहार सरकार में अवर सचिव के पद पर हुआ है, तथा अनिल कुमार, जिनका स्थानांतरण ऊर्जा विभाग, बिहार सरकार में अवर सचिव के पद पर हुआ है, को सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में मनोज कुमार ने दोनों अधिकारियों की कर्तव्यनिष्ठा, कार्यकुशलता और सकारात्मक कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने आयुक्त कार्यालय में उत्कृष्ट सेवाएं दी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों अधिकारी अपने नए दायित्वों का भी पूरी निष्ठा और दक्षता के साथ निर्वहन करेंगे।

सम्मानित अधिकारियों नवनीत कुमार दुबे और अनिल कुमार ने आयुक्त कार्यालय में मिले सहयोग और आत्मीयता के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दरभंगा प्रमंडल में कार्य करने का अनुभव उनके प्रशासनिक जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा।

समारोह में सहायक निदेशक, क्षेत्रीय योजना कार्यालय प्रीति कुमारी सहित सभी प्रशाखा पदाधिकारी, सहायक प्रशाखा पदाधिकारी तथा आयुक्त कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने दोनों अधिकारियों को उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की।