अपराध नियंत्रण पर एसएसपी सख्त, मासिक अपराध गोष्ठी में थानाध्यक्षों को दिए कई अहम निर्देश,कमतौल एसडीपीओ को उत्कृष्ट अनुसंधान के लिए प्रशस्ति पत्र, नशा, शराब तस्करी, ई-समन, गश्ती और 15 अगस्त सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
अपराध नियंत्रण पर एसएसपी सख्त, मासिक अपराध गोष्ठी में थानाध्यक्षों को दिए कई अहम निर्देश,कमतौल एसडीपीओ को उत्कृष्ट अनुसंधान के लिए प्रशस्ति पत्र, नशा, शराब तस्करी, ई-समन, गश्ती और 15 अगस्त सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
अपराध नियंत्रण पर एसएसपी सख्त, मासिक अपराध गोष्ठी में थानाध्यक्षों को दिए कई अहम निर्देश,कमतौल एसडीपीओ को उत्कृष्ट अनुसंधान के लिए प्रशस्ति पत्र, नशा, शराब तस्करी, ई-समन, गश्ती और 15 अगस्त सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शुक्रवार को जुलाई 2026 की मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता वरीय पुलिस अधीक्षक ने की। इसमें नगर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, साइबर थाना प्रभारी, यातायात, मुख्यालय एवं रक्षित पुलिस उपाधीक्षक, सभी अंचल पुलिस निरीक्षक, थानाध्यक्ष तथा शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में थानावार लंबित कांडों, जुलाई माह में दर्ज और निष्पादित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। हत्या, डकैती, लूट, दहेज हत्या समेत विभिन्न गंभीर अपराधों की प्रगति का आकलन किया गया। समीक्षा के दौरान कमतौल अनुमंडल के पुलिस पदाधिकारी द्वारा बेहतर अनुसंधान और निर्धारित लक्ष्य से अधिक कांडों के निष्पादन पर उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
एसएसपी ने अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। ई-समन, वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की के निष्पादन में तेजी लाने, नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर कठोर कार्रवाई करने तथा लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में सड़क दुर्घटना से जुड़े मामलों में आई-रैड (iRAD) और ई-डीएआर (e-DAR) पोर्टल पर समय पर प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि पीड़ितों को समय पर मुआवजा मिल सके। साथ ही सभी थानाध्यक्षों को असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने और महत्वपूर्ण मामलों के वीडियो ई-साक्ष्य ऐप पर नियमानुसार अपलोड करने के निर्देश दिए गए।
शराबबंदी कानून के उल्लंघन करने वालों और शराब तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने, प्रत्येक थाना क्षेत्र में नियमित गश्ती बढ़ाने तथा फरियादियों की शिकायतों का शालीनता से त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। न्यायालय से प्राप्त परिवाद पत्रों पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने और डायल-112 पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निपटारा करने का निर्देश भी दिया गया।
एसएसपी ने सभी थानाध्यक्षों को प्रतिदिन सुबह थाना स्तर पर पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की टास्किंग करने, नशेड़ियों और गांजा सेवन करने वालों के खिलाफ विशेष छापेमारी चलाने तथा गवाहों की समय पर न्यायालय में उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। श्रावणी मेला और आगामी 15 अगस्त को देखते हुए सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया गया।
बैठक के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक ने पुलिस सभा का भी आयोजन किया, जिसमें पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित शाखाओं को आवश्यक निर्देश दिए।