ब्रह्मस्थान की भूमि पर पौधे काटने का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से की कार्रवाई की मांग

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा प्रखंड एवं नगर पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों ने ब्रह्मस्थान परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं धार्मिक उद्देश्य से लगाए गए पौधों को काटे जाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि स्थानीय लोगों ने अपने व्यक्तिगत एवं सामाजिक सहयोग से पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा धार्मिक आस्था के तहत ब्रह्मस्थान परिसर में पौधारोपण किया था। आरोप है कि कुछ भू-माफिया ब्रह्मस्थान की भूमि पर अवैध कब्जा करने की नीयत से लगाए गए हरे-भरे पौधों को कटवा रहे हैं और वहां अवैध भवन निर्माण की तैयारी कर रहे हैं।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में निर्मित विवाह भवन एवं ट्रस्ट भवन का उपयोग सार्वजनिक हित के बजाय व्यक्तिगत उपयोग के लिए किए जाने की शिकायतें भी रही हैं। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि ब्रह्मस्थान की भूमि और वहां लगाए गए पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने और अवैध कब्जे का प्रयास करने वाले लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि यह मामला केवल पर्यावरण संरक्षण का ही नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर हरित क्षेत्र और ब्रह्मस्थान की भूमि की रक्षा करने की अपील की है।