राशन कार्ड बनाने में नहीं हो देरी, पात्र लाभुकों को जल्द मिले लाभ : एसडीओ,

समीक्षा बैठक में ई-केवाईसी तेज करने और लंबित आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन का दिया निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव कुमार ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में राशन कार्ड निर्माण कार्य की समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) एवं कार्यपालक सहायक मौजूद रहे। इस दौरान नए राशन कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए एसडीओ ने निर्देश दिया कि अधिक से अधिक पात्र लाभुकों का राशन कार्ड शीघ्र बनाया जाए, ताकि जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

बैठक में एसडीओ ने सहयोग शिविरों में प्राप्त राशन कार्ड संबंधी लंबित आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र आवेदक का आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए।

समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन आधार से पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से तथा ऑफलाइन आवेदन संबंधित प्रखंड आपूर्ति कार्यालय में जमा किया जा सकता है।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि आवेदन के साथ परिवार के सभी पात्र सदस्यों का आधार कार्ड, परिवार के मुखिया का जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण पत्र, बैंक खाता विवरण, पारिवारिक फोटो तथा निर्धारित आवेदन प्रपत्र जमा करना अनिवार्य है।

एसडीओ गौरव कुमार ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को राशन कार्ड लाभुकों का ई-केवाईसी कार्य भी तेजी से पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ई-केवाईसी लंबित रहने से लाभुकों को परेशानी हो सकती है, इसलिए इस कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर इसे पूरा किया जाए।