धरौरा चौक चोरीकांड का खुलासा, चोरी के सामान के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

दुकान का ताला तोड़कर हुई चोरी के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दूसरे आरोपी की पहचान कर बरामद किए गए चोरी के सिक्के

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बहेड़ा थाना क्षेत्र के धरौरा चौक स्थित एक किराना दुकान में ताला तोड़कर हुई चोरी के मामले का दरभंगा पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी की पहचान कर छापेमारी की, जहां से चोरी किए गए सिक्के भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर धरौरा चौक सहित संवेदनशील क्षेत्रों में चौकीदार एवं सशस्त्र बल के साथ नियमित पैदल गश्ती कराई जा रही थी। इसी दौरान 5/6 अगस्त की रात धरौरा चौक स्थित एक किराना दुकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। गश्ती दल और ड्यूटी पर तैनात चौकीदार की सतर्कता से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जिसके पास से चोरी का सामान बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोविन्द चौधरी, पिता गोपी चौधरी, निवासी धरौरा, थाना बहेड़ा, जिला दरभंगा के रूप में हुई है। उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी के घर छापेमारी की गई, जहां से दुकान से चोरी किए गए 8,854 रुपये के सिक्के बरामद किए गए।

बरामद सामान में 8,854 रुपये के सिक्के, हॉरलिक्स के दो डिब्बे, 84 पैकेट सिगरेट और एक डिब्बा काजू शामिल हैं।

दुकानदार मन्दु कुमार के लिखित आवेदन पर बहेड़ा थाना कांड संख्या-467/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

छापेमारी दल में थानाध्यक्ष पंकज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक फिरदौश तबस्सुम, पीटीसी शदाब आलम तथा चौकीदार संतोष पासवान शामिल थे।