कुशेश्वरस्थान पूर्वी में खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन व किसान सभा की बैठक, 10 अगस्त के आंदोलन की रणनीति पर चर्चा

दस्तक 7 मीडिया कुशेश्वरस्थान।

कुशेश्वरस्थान बाजार स्थित कामरेड रामजतन पासवान के आवास पर बिहार प्रांतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन एवं बिहार राज्य किसान सभा के संयुक्त बैनर तले प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कॉमरेड सज्जन राय ने की। इसमें प्रखंड क्षेत्र से आए खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन तथा किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के जिला सचिव दिलीप भगत ने कहा कि मजदूरों और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन को मजबूत करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव में संगठन का विस्तार करने, सदस्य संख्या बढ़ाने तथा आगामी आंदोलन में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
वहीं, यूनियन के राज्य स्तरीय वरिष्ठ नेता अविनाश ठाकुर ने कहा कि वर्तमान समय संगठित होकर संघर्ष करने का है। उन्होंने कहा कि जब तक गांव स्तर पर मजबूत संगठन तैयार नहीं होगा, तब तक किसानों और मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई प्रभावी ढंग से नहीं लड़ी जा सकती। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
बैठक में 10 अगस्त 2026 को देशव्यापी आह्वान के तहत जिला समाहरणालय (कलेक्टर कार्यालय) के घेराव एवं जेल भरो आंदोलन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। आंदोलन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने तथा अधिक से अधिक किसानों और मजदूरों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में संयुक्त जिला मंत्री ललितेश्वर पासवान, राम अनुज यादव, रघुनाथ झा, दिलीप साह, महेंद्र सदा, नवल किशोर शर्मा, बेचन सदा, हरेराम शर्मा, अशोक राय, रामबाबू राय सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।