ऑपरेशन ‘विधि पालक’ के तहत छात्राओं व महिलाओं को किया जागरूक,

बहेड़ा में ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में चला जागरूकता अभियान, साइबर अपराध, मानव तस्करी व महिला-बाल सुरक्षा कानूनों की दी जानकारी

दस्तक 7 मीडिया बहेड़ा / दरभंगा

बिहार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन विधि पालक” अभियान के तहत गुरुवार को बहेड़ा थाना क्षेत्र के पंडित विवेकानंद झा सभागार में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, दरभंगा ने किया। इस दौरान बहेड़ा थानाध्यक्ष के साथ महिला पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित स्कूली छात्र-छात्राओं और महिलाओं को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में साइबर अपराध से बचाव के उपाय, ऑनलाइन ठगी से सुरक्षा, मानव तस्करी एवं बाल श्रम जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं के प्रति सतर्क रहने की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों, हेल्पलाइन सेवाओं तथा आपात स्थिति में पुलिस से सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं, छात्र-छात्राओं और महिलाओं को कानून के प्रति जागरूक बनाना तथा उन्हें अपराधों से सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।