अहिल्या गौतम स्थान मंदिर के विकास कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण,
समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ सभी कार्य पूरे करने का दिया निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने गुरुवार को जिले के अहियारी स्थित ऐतिहासिक अहिल्या गौतम स्थान मंदिर परिसर का निरीक्षण कर वहां चल रहे जीर्णोद्धार एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने मंदिर परिसर में चल रहे जीर्णोद्धार कार्य, पोखर के सौंदर्यीकरण, चाहरदीवारी निर्माण तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अभियंताओं से निर्माण कार्यों की प्रगति और शेष कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने भवन निर्माण विभाग एवं पर्यटन विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे किए जाएं। साथ ही उन्होंने धर्मशाला के जीर्णोद्धार कार्य का भी निरीक्षण किया और कहा कि इसे इस प्रकार विकसित किया जाए ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर एवं सुविधाजनक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

डीएम ने दोनों विभागों के अधिकारियों को सभी निर्माण एवं विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और परियोजना समय पर पूरी हो सके।

निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, भवन निर्माण विभाग एवं पर्यटन विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।