10 महीने बाद भी शुरू नहीं हुआ सड़क निर्माण, जलजमाव से ग्रामीण बेहाल
10 महीने बाद भी शुरू नहीं हुआ सड़क निर्माण, जलजमाव से ग्रामीण बेहाल
10 महीने बाद भी शुरू नहीं हुआ सड़क निर्माण, जलजमाव से ग्रामीण बेहाल
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
बेनीपुर प्रखंड के महिनाम गांव में सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास हुए करीब 10 महीने बीत जाने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सड़क नहीं बनने के कारण मार्ग पर जलजमाव की समस्या बनी हुई है, जिससे लोगों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, पीडब्ल्यूडी रोड स्थित काली मंदिर से महिनाम पछवारी टोला तक लगभग 1.400 किलोमीटर लंबी सड़क सहित गांव की चार अन्य सड़कों का शिलान्यास किया गया था। लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही सड़क निर्माण शुरू होगा, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी धरातल पर कोई काम दिखाई नहीं दे रहा है।
ग्रामीण राजन कुमार झा ने बताया कि यह गांव की मुख्य सड़क है और प्रतिदिन सैकड़ों लोग इसी मार्ग से गुजरते हैं। बारिश के दौरान सड़क पर जलजमाव होने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि कई बार संबंधित विभाग को निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के लिए आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
राजन कुमार झा का कहना है कि बेनीपुर विधायक को भी लगातार इस समस्या से अवगत कराया गया। इसके अलावा सहयोग पोर्टल, दरभंगा के प्रभारी मंत्री को आवेदन तथा राज्य लोक शिकायत निवारण प्रणाली में भी मामला दर्ज कराया गया है, जहां सुनवाई जारी है। इसके बावजूद ग्रामीण कार्य विभाग, बेनीपुर एवं ग्रामीण कार्य विभाग, दरभंगा की ओर से अब तक सड़क निर्माण शुरू नहीं कराया गया है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे अपनी समस्या को लेकर ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार के समक्ष भी मामला उठाएंगे।
ग्रामीणों ने जनहित को देखते हुए संबंधित विभाग और स्थानीय विधायक से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अविलंब सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि वर्षों से चली आ रही जलजमाव और आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।