गायघाट पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गायब हुई बच्ची को भागलपुर के इशीपुर बरहट से किया सकुशल बरामद।

दीपक कुमार/ गायघाट

मुजफ्फरपुर पुलिस को अपहरण के एक मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। गायघाट थाना क्षेत्र से गायब हुई बच्ची को पुलिस ने भागलपुर जिले के इशीपुर बरहट स्थित सिवानपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। इतना ही नहीं, इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने नालंदा जिले से अपहृत एक अन्य बच्ची को भी बरामद करने में सफलता हासिल की है।

मामले की जानकारी देते हुए वरीया पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मुजफ्फरपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गत 12 मई 2026 को गायघाट थाने में एक आवेदन प्राप्त हुआ था। आवेदन में वादी ने उल्लेख किया था कि उनकी बहन 10 मई 2026 से घर से लापता थी। प्राप्त आवेदन के आधार पर गायघाट थाना कांड संख्या-136/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के अनुश्रवण और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पूर्वी-01) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें थानाध्यक्ष गायघाट और उनकी टीम को शामिल किया गया।

गठित टीम द्वारा लगातार की जा रही छापेमारी के क्रम में मिले गुप्त इनपुट के आधार पर पुलिस ने भागलपुर जिले के इशीपुर बरहट थाना अंतर्गत सिवानपुर में दबिश दी और अपहृत बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली, जब मौके से नालंदा जिले से अपहृत एक अन्य बच्ची को भी सकुशल बरामद किया गया। नालंदा से मिली बच्ची के संबंध में आवश्यक समन्वय और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस द्वारा नालंदा पुलिस से संपर्क स्थापित किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले में अग्रतर कानूनी कार्रवाई में जुटी है।