उछटी गांव में नाले पर अवैध कब्जा, सड़कों पर बहा गंदा पानी, सहयोग शिविर में उठे मुद्दे पर एडीएम आपदा प्रबंधन ने किया निरीक्षण

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।


प्रखंड अंतर्गत उछटी पंचायत के उछटी गांव में नाले को अतिक्रमित कर लिए जाने के कारण गंभीर जल निकासी संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा लगाए गए इस बड़े आरोप के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है।
सहयोग शिविर में शिकायत मिलने के तुरंत बाद एडीएम (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर खुद जमीनी हकीकत परखने के लिए प्रभावित स्थल पर पहुंचे और मामले की गहनता से जांच की।
दबंगों और अतिक्रमणकारियों द्वारा सार्वजनिक नाले की जमीन पर अवैध कब्जा कर उसे पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इसके चलते गांव के पानी की निकासी पूरी तरह ठप हो गई है। जल निकासी न होने से गांव की मुख्य सड़कों पर भारी जलजमाव हो गया है। पूरी सड़क कीचड़ और गंदे पानी में तब्दील हो चुकी है, जिससे पैदल चलना भी दूभर हो गया है।
जलजमाव और कीचड़ का सबसे बुरा असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। प्रतिदिन छोटे-छोटे बच्चों को इसी बदबूदार पानी और खतरनाक कीचड़ से होकर स्कूल जाने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे हादसों और बीमारियों का खतरा लगातार मंडरा रहा है। सहयोग शिविर में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने एडीएम सलीम अख्तर को पूरी समस्या से अवगत कराया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एडीएम ने बिना देर किए सीधे गांव का दौरा किया। उन्होंने मौके पर अवैध कब्जे और उससे उपजे जलजमाव का निरीक्षण किया। स्थल निरीक्षण के दौरान एडीएम ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि नाले की जमीन से जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाया जाएगा और जल निकासी की व्यवस्था बहाल कर आम जनता व स्कूली बच्चों को इस नारकीय स्थिति से निजात दिलाई जाएगी। निरीक्षण के दौरान एडीएम के साथ बीडीओ प्रदीप कुमार झा, मुखिया मिथलेश कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष राजेश कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।