पीएम सूर्य घर योजना में तेजी लाने के निर्देश, बैंकों को ऋण आवेदन जल्द निपटाने का आदेश

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में बैंक अधिकारियों, विद्युत विभाग के अभियंताओं और अधिकृत वेंडरों के साथ योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर योजना की जानकारी दें और उन्हें रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं की बिजली खपत अधिक है, उन्हें योजना से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।

बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक 566 उपभोक्ताओं के घरों पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। डीएम ने इस संख्या में तेजी से वृद्धि करने के लिए अधिकृत वेंडरों को इच्छुक आवेदकों से समन्वय स्थापित कर बैंक ऋण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने सभी बैंकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि योजना के तहत प्राप्त ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन किया जाए तथा बिना ठोस कारण के किसी भी आवेदन को अस्वीकृत नहीं किया जाए। यदि किसी आवेदन में त्रुटि हो तो संबंधित वेंडर आवेदक से संपर्क कर आवश्यक सुधार के बाद दोबारा आवेदन कराएं।

समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी सहायक एवं कनीय विद्युत अभियंताओं को कम-से-कम 100 इच्छुक उपभोक्ताओं की पहचान कर उन्हें योजना के लिए आवेदन कराने का लक्ष्य दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध ढंग से पूरा कर जिले में योजना का व्यापक विस्तार सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, वरीय उप समाहर्ता (बैंकिंग) प्रियंका कुमारी, कार्यपालक अभियंता विकास कुमार, शहरी एवं ग्रामीण विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के अधिकारी, एलडीएम, विभिन्न बैंकों के पदाधिकारी, सहायक एवं कनीय विद्युत अभियंता तथा अधिकृत वेंडर मौजूद रहे।