आधे घंटे में दो जगह गोलियां बरसाने वाले दो बदमाश दबोचे गये  ‘इलाके का बड़ा अपराधी’ बनने के लिए की थी वारदात,

सिर्फ रौब जमाने के लिए राह चलते बाइक सवारों पर चलाई गोली, पुलिस ने देसी पिस्टल, कारतूस, बाइक और मोबाइल किए बरामद; मुख्य आरोपित पहले भी कर चुका है हत्या

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में 28 जुलाई की रात महज आधे घंटे के भीतर दो अलग-अलग स्थानों पर गोलीबारी कर दहशत फैलाने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कमतौल एसडीपीओ ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि तकनीकी अनुसंधान और लगातार छापेमारी के बाद मुख्य आरोपित ऋषिकेश कुमार महतो और उसके सहयोगी मनीष कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल देसी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, दो बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 28 जुलाई की रात मब्बी थाना क्षेत्र के शोभन मोड़ स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास और करीब 20 मिनट बाद सिमरी थाना क्षेत्र के कंसी चौक के समीप हुई गोलीबारी की घटनाओं के बाद दोनों थानों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सबसे पहले घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक के साथ ऋषिकेश कुमार महतो को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपित ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह इलाके में अपना खौफ और पहचान बनाने के लिए “बड़ा क्रिमिनल” बनना चाहता था। इसी मकसद से उसने राह चलते बाइक सवारों पर गोली चलाई। उसने यह भी स्वीकार किया कि वारदात में प्रयुक्त देसी पिस्टल बाद में अपने साथी मनीष कुमार महतो को दे दी थी। पुलिस ने छापेमारी कर मनीष को भी गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिया। इस संबंध में केवटी थाना में अलग से मामला दर्ज किया गया है।

जांच में यह भी सामने आया कि वारदात की रात ऋषिकेश नशे की हालत में था। पुलिस के मुताबिक रात करीब 10:26 बजे शोभन मोड़ के पास आरबीएल माइक्रोफाइनेंस कंपनी के कर्मी प्रवीण कुमार झा ने उसकी बाइक को साइड नहीं दी, जिससे नाराज होकर उसने गोली चला दी। उसका दावा है कि वह केवल रौब दिखाना चाहता था, लेकिन गोली प्रवीण कुमार झा के पेट में जा लगी। इसके करीब 20 मिनट बाद कंसी चौक के पास भी साइड नहीं मिलने पर उसने पान कारोबारी बाला भगत पर फायरिंग कर दी, जिससे उनके पैर में गोली लगी। दोनों घायलों का इलाज कराया गया और अब उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपित का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है। वर्ष 2023 में उसने नाबालिग रहते हुए सिंहवाड़ा बाजार में रुपये के विवाद में एक कॉस्मेटिक दुकानदार की गला काटकर हत्या कर दी थी। उस मामले में वह किशोर न्याय बोर्ड के तहत निरुद्ध भी रह चुका है। वहीं, सह-आरोपित मनीष कुमार महतो के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता के भी संकेत मिले हैं। फरार आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा पुलिस ने किया है।