प्रस्तावित विश्वविद्यालय अधिनियम-2026 के विरोध में सीएम कॉलेज के शिक्षकों ने काला बिल्ला लगाकर किया प्रदर्शन

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /अफजल खान

बिहार सरकार के प्रस्तावित विश्वविद्यालय अधिनियम-2026 के विरोध में बुधवार को चंद्रधारी मिथिला महाविद्यालय (सीएम कॉलेज) के शिक्षकों ने महाविद्यालय परिसर में काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन महाविद्यालय शिक्षक संघ के बैनर तले आयोजित किया गया।

महाविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश कुमार विभु, सचिव डॉ. अभिमन्यु कुमार एवं संयुक्त सचिव डॉ. दिव्या शर्मा ने कहा कि प्रस्तावित अधिनियम विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की अकादमिक, प्रशासनिक तथा वित्तीय स्वायत्तता को प्रभावित करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उच्च शिक्षण संस्थानों के प्रशासनिक एवं वित्तीय नियंत्रण को अपने अधीन लाने का प्रयास कर रही है, जिससे शैक्षणिक व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

शिक्षक नेताओं ने कहा कि बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों की स्वायत्तता बनाए रखना आवश्यक है। उनका कहना था कि शिक्षकों को अनावश्यक प्रशासनिक नियंत्रण से मुक्त रखकर ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध और अकादमिक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकता है।

प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने काला बिल्ला लगाकर प्रस्तावित अधिनियम के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया तथा सरकार से इसे वापस लेने की मांग की।

कार्यक्रम में डॉ. अखिलेश कुमार राठौर, डॉ. अबसार आलम, डॉ. रूपेंद्र कुमार झा, डॉ. संजीत झा, डॉ. आलोक कुमार राय, डॉ. दिव्या झा, डॉ. दीपक कुमार दास, डॉ. ललित शर्मा, डॉ. राधा नारायण, डॉ. गंगेश कुमार झा सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित थे।