दरभंगा में आरओबी निर्माण कार्यों में तेजी लाने का डीएम का निर्देश, अतिक्रमण हटाकर समय पर पूरा करें परियोजनाएं,

सर्विस रोड को हर हाल में मोटरेबल रखने, नाला निर्माण और रेलवे समन्वय पर विशेष जोर, अधिकारियों व संवेदकों को दिए सख्त निर्देश

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

जिले में निर्माणाधीन रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) परियोजनाओं की प्रगति को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार ने समाहरणालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों, अभियंताओं और संवेदकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न आरओबी परियोजनाओं की प्रगति, भू-अर्जन, अतिक्रमण, रेलवे समन्वय तथा लंबित कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।

समीक्षा के दौरान पंडासराय गुमटी (एलसी-18) आरओबी के रेलवे हिस्से का स्ट्रक्चरल डिजाइन स्वीकृत होने की जानकारी दी गई। डीएम ने रेलवे भाग का निर्माण शुरू करने से पहले एलसी डायवर्सन के लिए एप्रोच रोड और गेट लॉस्ट का निर्माण शीघ्र पूरा कराने तथा निर्माणाधीन सर्विस रोड को हर हाल में मोटरेबल बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

चट्टी चौक (एलसी-21) आरओबी की समीक्षा में जिलाधिकारी ने भू-अर्जन, अतिक्रमण और अन्य प्रशासनिक बाधाओं को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया। साथ ही सुपर स्ट्रक्चर, नाला निर्माण और रेलवे भाग के लिए टेस्ट पाइल का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराने को कहा।

कागवा गुमटी आरओबी परियोजना में भू-अर्जन और आवश्यक स्वीकृतियां पूरी होने पर डीएम ने वाया डक्ट निर्माण में तेजी लाने तथा रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर शेष स्वीकृतियां जल्द प्राप्त करने के निर्देश दिए।

दिल्ली मोड़ आरओबी परियोजना के संबंध में जिलाधिकारी ने एलसी डायवर्सन के लिए एप्रोच सड़क का निर्माण तत्काल शुरू कराने, नाला निर्माण को समयबद्ध ढंग से पूरा करने, पुराने रेलवे पुल को तोड़ने के लिए अतिरिक्त मानव बल लगाने तथा आरई पैनलों को कार्यस्थल पर उपलब्ध कराकर निर्माण कार्य तेज करने का निर्देश दिया।

बैठक में डीएम ने दोनार गुमटी और पंडासराय गुमटी के समीप सड़कों को शीघ्र मोटरेबल बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी कार्यकारी एजेंसियों और संवेदकों को निर्माण स्थलों पर पर्याप्त मानव संसाधन लगाने तथा कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

इसके अलावा चट्टी चौक स्थित एसबीआई बैंक के पास नाला निर्माण एक सप्ताह के भीतर पूरा करने तथा जिन स्थानों पर अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है, वहां तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, सदर एसडीओ कुमार गौरव, डीसीएलआर सदर संजीत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अभियंता एवं संवेदक उपस्थित थे।