प्रस्तावित उच्च शिक्षा विधेयक के विरोध में जनता कोसी महाविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर किया विरोध

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

प्रस्तावित बिहार उच्च शिक्षा विधेयक के विरोध में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय शिक्षक संघ एवं विश्वविद्यालय-महाविद्यालय कर्मचारी संघ के संयुक्त आह्वान पर आज जनता कोसी महाविद्यालय, बिरौल के शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने महाविद्यालय परिसर में काला बिल्ला लगाकर शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व महाविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ.शंम्भू पासवान और कर्मचारी संघ के सचिव राघव कुमार दीपक ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों से जुड़े किसी भी महत्वपूर्ण विधेयक का उद्देश्य उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक स्वायत्तता, पारदर्शिता तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ करना होना चाहिए। शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विश्वविद्यालय प्रशासन के सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार किए बिना किसी भी विधेयक को लागू करना उच्च शिक्षा व्यवस्था के हित में नहीं होगा। विरोध-प्रदर्शन में शामिल शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने एक स्वर में कहा कि प्रस्तावित विधेयक के प्रारूप पर सरकार पुनर्विचार करे तथा संबंधित सभी पक्षों से व्यापक विमर्श के बाद ही आगे की कार्रवाई करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार इस विधेयक के प्रारूप को वापस लेकर आवश्यक संशोधन नहीं करती, तब तक विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय शिक्षक-कर्मचारी संघर्ष मोर्चा, पटना के आह्वान पर चरणबद्ध एवं शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान शिक्षक संघ के सदस्यों ने कहा कि शिक्षक समुदाय सदैव उच्च शिक्षा के विकास, विश्वविद्यालयों की गरिमा तथा छात्रों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज़ उठाता रहेगा। इस विरोध-प्रदर्शन में शिक्षक नेता डॉ.शंभू पासवान,डॉ. राजकुमार प्रसाद, डॉ.भावेश कुमार,डॉ.बिंदु नाथ झा, डॉ. राम नरेश दास, डॉ. प्रियंका, डॉ. राधा रानी, डॉ. सुजाता कुमारी तथा कर्मचारी नेता क्रांति चौधरी, राघव कुमार,आर.के.दीपक,संजीव आचार्य,विजय मुखिया, सुशील झा सहित महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं अतिथि शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।