दरभंगा एयरपोर्ट टर्मिनल निर्माण का डीएम ने लिया जायजा, एप्रोच रोड को लेकर दिए अहम निर्देश,

मुजफ्फरपुर और पूर्णिया की ओर से आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा को प्राथमिकता देने का निर्देश, समय पर निर्माण पूरा करने पर जोर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने मंगलवार को निर्माणाधीन दरभंगा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने कार्यकारी एजेंसी और संबंधित अधिकारियों से अब तक हुए कार्यों की जानकारी ली तथा निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने एयरपोर्ट टर्मिनल भवन के लिए प्रस्तावित अस्थायी एप्रोच रोड के एलाइनमेंट का भी स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने अभियंताओं को निर्देश दिया कि एलाइनमेंट ऐसा तैयार किया जाए जिससे मुजफ्फरपुर और पूर्णिया की दिशा से आने-जाने वाले यात्रियों को राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (एनएच-27) पार नहीं करना पड़े। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

इस दौरान पथ निर्माण विभाग, पटना की सर्वेक्षण टीम ने भी स्थल का निरीक्षण कर प्रस्तावित एलाइनमेंट का तकनीकी परीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और अभियंताओं को आपसी समन्वय के साथ अस्थायी पहुंच पथ के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार, एयरपोर्ट प्रशासन, जिला प्रशासन के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अभियंतागण मौजूद रहे।