बांकीपुर की हार से NDA में बढ़ी हलचल, जदयू सूत्रों ने उठाए सवाल; भाजपा ने कहा- करेंगे आत्ममंथन ?

दस्तक 7 मीडिया /पटना 

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अप्रत्याशित हार के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के भीतर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस बीच जनता दल (यूनाइटेड) के सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार  के चेहरे के बिना लड़ा गया, जिसका असर नतीजों पर पड़ा। हालांकि इस दावे पर जदयू की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

सूत्रों के अनुसार, जदयू का मानना है कि बिहार में एनडीए की राजनीति में नीतीश कुमार की स्वीकार्यता अहम है और उनके नेतृत्व को प्रमुखता नहीं मिलने से बांकीपुर में गठबंधन को नुकसान उठाना पड़ा। उपचुनाव के परिणाम के बाद गठबंधन के भीतर रणनीति को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।

उधर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन  ने तीन राज्यों की विधानसभा सीटों पर आए उपचुनाव परिणामों को स्वीकार करते हुए कहा कि पार्टी बिहार की बांकीपुर और मध्यप्रदेश की दतिया सीट पर हार के कारणों का गंभीरता से आत्ममंथन करेगी।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा कि पार्टी जनता के जनादेश का सम्मान करती है और जिन सीटों पर अपेक्षित परिणाम नहीं मिले, वहां संगठन और रणनीति की व्यापक समीक्षा की जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा नए संकल्प और ऊर्जा के साथ जनता के बीच जाकर उनका विश्वास और मजबूत करेगी।

बांकीपुर विधानसभा सीट पर प्रशांत कुमार  ने जीत दर्ज की। यह सीट नितिन नवीन के विधायक पद से इस्तीफा देकर राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी संभालने के बाद खाली हुई थी, जिसके चलते यहां उपचुनाव कराया गया।

भाजपा अध्यक्ष ने गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर पार्टी को मिले जनादेश के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जीत की बधाई दी। वहीं, बांकीपुर की हार के बाद अब राजनीतिक नजरें इस बात पर टिकी हैं कि एनडीए आगामी चुनावों के लिए अपनी रणनीति में क्या बदलाव करता है।