3.20 करोड़ की सड़क बनी परेशानी: 20% भी काम नहीं, बारिश में बाथ पुनर्वास टोला का संपर्क टूटा
विधायक से लगाई गुहार, कहा- सड़क पर पत्थर डलवाकर तत्काल आवागमन बहाल कराया जाए

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर, दरभंगा।

गौड़ाबौराम विधानसभा क्षेत्र की अधारपुर पंचायत के वार्ड-17 स्थित बाथ पुनर्वास टोला के ग्रामीणों ने बदहाल सड़क को लेकर स्थानीय विधायक से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बौराम-सुपौल मुख्य मार्ग से उफरौल दक्षिण खतबे टोली तक बनने वाली सड़क का निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। बारिश के कारण सड़क पूरी तरह कीचड़ और पानी से भर गई है, जिससे आवागमन लगभग ठप हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत बनाई जा रही है। परियोजना की लंबाई 3.050 किलोमीटर है और इसकी प्राक्कलित लागत 3 करोड़ 20 लाख 30 हजार 500 रुपये है। निर्माण कार्य 26 सितंबर 2025 से शुरू हुआ था और इसे 25 सितंबर 2026 तक पूरा किया जाना है। लेकिन अब तक 20 प्रतिशत भी कार्य पूरा नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क बौराम, सुपौल, प्रखंड मुख्यालय, अस्पताल, बाजार और दरभंगा आने-जाने का प्रमुख मार्ग है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण बाथ पुनर्वास टोला का संपर्क लगभग पूरी तरह कट गया है। ग्रामीण नीतीश कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले मिथिला स्टूडेंट यूनियन के कार्यकर्ताओं ने निर्माण में लापरवाही का विरोध किया था। इसके बाद निर्माण एजेंसी ने जेसीबी से कुछ स्थानों पर पानी और कीचड़ हटाकर औपचारिकता पूरी कर दी, लेकिन बारिश के बाद सड़क फिर पहले जैसी हो गई। ग्रामीणों ने चिंता जताई कि यदि किसी मरीज या दुर्घटना पीड़ित को अस्पताल ले जाने की नौबत आती है तो पर्याप्त आवागमन का कोई साधन उपलब्ध नहीं रहेगा। उन्होंने विधायक सुजीत सिंह से मांग की है कि संबंधित विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार से बात कर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। साथ ही बारिश के दौरान कम से कम सड़क पर गिट्टी या पत्थर डलवाकर आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।