बांकीपुर उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत, जन सुराज कार्यकर्ताओं का शानदार जश्न, कहा ‘बदलाव की राजनीति पर लगी जनता की मुहर

दस्तक 7 मिडिया,घनश्यामपुर/बिरौल, दरभंगा।


बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के आए ऐतिहासिक नतीजों ने बिहार की राजनीतिक फिजा में एक नई हलचल पैदा कर दी है। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर और उनकी नीति-नीतियों पर विश्वास जताते हुए बांकीपुर की जनता ने उन्हें प्रचंड जीत दिलाई है। इस शानदार विजय की गूंज अब पूरे राज्य में सुनाई दे रही है। इसी कड़ी में घनश्यामपुर प्रखंड के गनौन गांव में जन सुराज के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।कार्यकर्ताओं ने इस नतीजे को केवल एक सीट की जीत नहीं, बल्कि बिहार के पारंपरिक राजनीतिक ढर्रे को बदलकर ‘विकास और सुशासन’ के एक नए युग का आगाज बताया। जश्न के दौरान जन सुराज के प्रखंड अध्यक्ष मो.अब्दुल्ला उर्फ दुलारे, जन स्वराज बिरौल के वरिष्ठ नेता मनोज कुमार झा, डॉ इफ्तिखार ने कहा, बांकीपुर का यह जनादेश केवल एक विधानसभा चुनाव का परिणाम नहीं है, बल्कि यह बिहार की जनता के उस अटूट विश्वास की जीत है जो वे पिछले लंबे समय से तलाश रहे थे। मतदाताओं ने जाति-धर्म के संकीर्ण दायरों से ऊपर उठकर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पारदर्शी सुशासन की राजनीति पर अपनी मजबूत मुहर लगा दी है।
2 अक्टूबर 2024 को स्थापित जन सुराज का मूल ध्येय बिहार को विकास के नए शिखर पर ले जाना है। पार्टी का मानना है कि राज्य के बुनियादी मुद्दों—गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन—को केंद्र में रखकर ही असली बदलाव संभव है। बांकीपुर के नतीजे इस बात का प्रमाण हैं कि बिहार का युवा और आम नागरिक अब बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है। बिहार की राजनीति में नए अध्याय की शुरुआत। इधर गनौन गांव में आयोजित इस विजय उत्सव में मौजूद तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे बिहार के भविष्य की एक नई पटकथा बताया। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि प्रशांत किशोर के नेतृत्व में जन सुराज बिहार के हर गांव और टोले तक सकारात्मक बदलाव का संदेश पहुंचाएगा और जनता की हर अपेक्षा पर खरा उतरेगा। इस दौरान वरिष्ठ नेता मोहम्मद गुड्डू, गोविंद, मोहम्मद जाहिद समेत भारी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे।