पीएम सूर्य घर योजना को गति देने के लिए डीएम सख्त, 100-100 नए उपभोक्ता जोड़ने का लक्ष्य
पीएम सूर्य घर योजना को गति देने के लिए डीएम सख्त, 100-100 नए उपभोक्ता जोड़ने का लक्ष्य
पीएम सूर्य घर योजना को गति देने के लिए डीएम सख्त, 100-100 नए उपभोक्ता जोड़ने का लक्ष्य
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों, बैंकों और अधिकृत वेंडरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी सहायक एवं कनीय विद्युत अभियंताओं को निर्देश दिया कि अधिक बिजली खपत करने वाले और योजना में रुचि रखने वाले उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर उन्हें योजना की जानकारी दें तथा सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने प्रत्येक अभियंता को कम-से-कम 100 इच्छुक उपभोक्ताओं की पहचान कर आवेदन के लिए तैयार करने का लक्ष्य दिया।
बैठक में बताया गया कि डीएम के निर्देश पर विद्युत विभाग के अभियंता लगातार अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं के घरों का भ्रमण कर रहे हैं। इच्छुक उपभोक्ता पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के पोर्टल पर आधार संख्या और बिजली बिल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि जिले में अब तक 566 उपभोक्ताओं के घरों पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। डीएम ने सभी अधिकृत वेंडरों को निर्देश दिया कि चिन्हित आवेदकों के बैंक ऋण आवेदन जल्द से जल्द कराएं। वहीं बैंकों को भी निर्देशित किया गया कि प्राप्त सभी ऋण आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता विकास कुमार, शहरी विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता केशव कुमार, ग्रामीण विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अमोद कुमार, बेनीपुर प्रमंडल के पदाधिकारी, सभी सहायक एवं कनीय विद्युत अभियंता, एलडीएम तथा अधिकृत वेंडर मौजूद रहे।