राशन कार्ड और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान पर डीएम सख्त, ई-केवाईसी में तेजी और जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश
राशन कार्ड और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान पर डीएम सख्त, ई-केवाईसी में तेजी और जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश
राशन कार्ड और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान पर डीएम सख्त, ई-केवाईसी में तेजी और जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
नए राशन कार्ड निर्माण, लाभुकों की ई-केवाईसी तथा आगामी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शामिल हुए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक पात्र परिवारों के नए राशन कार्ड शीघ्र बनाए जाएं। साथ ही राशन कार्डधारियों की ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया में तेजी लाकर उसे समय पर पूरा करने को कहा, ताकि खाद्यान्न वितरण में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सर्वेक्षण कार्य के दौरान सर्वर संबंधी समस्याओं को देखते हुए डीएम ने निर्देश दिया कि प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात्रि 12 बजे तक पुरुष ऑपरेटरों के माध्यम से नए राशन कार्ड बनाने का कार्य चलाया जाए, जिससे लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन हो सके।
बैठक में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय ध्वज का व्यापक वितरण सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक पंचायत और शहरी क्षेत्र में अभियान को उत्सव के रूप में मनाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत साइकिल रैली, बाइक रैली, सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन सहित विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही आम लोगों को अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत किया जा सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त स्वप्निल, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।