आपदा पीड़ित परिवारों को मिली राहत, दो मृतकों के आश्रितों को ₹4-4 लाख का अनुग्रह अनुदान

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

सिंहवाड़ा अंचल क्षेत्र में आपदा के कारण जान गंवाने वाले दो व्यक्तियों के आश्रितों को राज्य सरकार की आपदा राहत योजना के तहत चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि का चेक प्रदान किया गया। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में केवटी के विधायक मुरारी मोहन झा एवं अंचल अधिकारी, सिंहवाड़ा ने लाभुकों को चेक सौंपकर सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

विधायक ने कहा कि आपदा से प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

अनुग्रह अनुदान प्राप्त करने वालों में सिंहवाड़ा अंचल के भराठी पंचायत अंतर्गत गैरा वार्ड संख्या-3 निवासी कविता देवी एवं ममता देवी शामिल हैं। दोनों को राज्य सरकार की निर्धारित आपदा राहत योजना के तहत चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक दिया गया।

अंचल अधिकारी, सिंहवाड़ा ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद आपदा में मृत व्यक्तियों के आश्रितों को शीघ्र अनुग्रह अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर आर्थिक संबल मिल सके।

चेक वितरण कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।