दरभंगा में मद्यनिषेध टीम की बड़ी कार्रवाई, 72 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ कार जब्त; एक तस्कर गिरफ्तार

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर मद्यनिषेध टीम ने सदर थाना क्षेत्र के रानीपुर चौक के समीप बड़ी कार्रवाई करते हुए 72 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप से लदी एक कार को जब्त कर लिया। मौके से एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।

सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध एवं उत्पाद, दरभंगा प्रदीप कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद टीम ने त्वरित छापेमारी की। जांच के दौरान एक कार से 100 एमएल के 720 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप, जिसकी कुल मात्रा 72 लीटर है, बरामद की गई। बरामदगी के बाद वाहन को जब्त कर लिया गया तथा मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले में मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता का भी पता लगाया जा रहा है।

सहायक आयुक्त ने कहा कि जिले में प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।