डूबने से हुई मौत के मामले में पीड़ित परिवार को मिली 4 लाख की सहायता, विधायक व सीओ ने सौंपा चेक

दस्तक 7 मिडिया,गौड़ाबौराम।

गौड़ाबौराम प्रखंड के गौड़ामानसिंह पंचायत के रही टोल निवासी स्व.फूल मुखिया (लगभग 60 वर्ष) के डूबने से हुई मौत के मामले में सरकार की ओर से उनके परिजनों को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की गई। सोमवार को गौड़ाबौराम के विधायक सुजीत कुमार और अंचलाधिकारी अभिषेक दत्ता मृतक के घर पहुंचे तथा उनकी पत्नी को ₹4 लाख का सहायता राशि का चेक सौंपा। जानकारी के अनुसार, करीब दो माह पूर्व फूल मुखिया की पानी में डूबने से मौत हो गई थी। घटना के बाद जनप्रतिनिधि द्वारा प्रशासन को पत्र लिखकर पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने की मांग की गई थी। इसके आलोक में आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशासन ने अनुग्रह अनुदान स्वीकृत किया। चेक वितरण के दौरान विधायक ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि किसी अपने को खोने की पीड़ा की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन सरकार की यह आर्थिक सहायता कठिन समय में परिवार के लिए सहारा बनेगी। अंचलाधिकारी ने भी परिवार को हर संभव प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाया।
परिजनों ने सरकार, विधायक और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी पीड़ित परिवार को समय पर सहायता उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की।