चेहल्लुम पर सुरक्षा का कड़ा पहरा: 140 संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी-पुलिस तैनात, 4-5 अगस्त तक कंट्रोल रूम रहेगा सक्रिय,

डीएम कौशल कुमार और एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी का संयुक्त आदेश जारी, अफवाह फैलाने वालों और असामाजिक तत्वों पर रहेगी कड़ी नजर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने संयुक्त आदेश जारी करते हुए जिले के 140 संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल एवं लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की है। यह व्यवस्था 4 अगस्त से 5 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगी तथा आवश्यकता पड़ने पर इसकी अवधि बढ़ाई जा सकेगी।

प्रशासन के अनुसार चेहल्लुम के अवसर पर मुहर्रम की तरह ताजिया एवं जुलूस निकाले जाएंगे। इसे देखते हुए जुलूस मार्ग, ताजिया के आगे-पीछे तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि ताजिया जुलूस के लाइसेंस एवं मार्ग निर्धारण में किसी प्रकार का टकराव या विवाद उत्पन्न न हो।

डीएम और एसएसपी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, बीडीओ, सीओ, थानाध्यक्षों एवं ओपी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त और निगरानी रखने का निर्देश दिया है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।

संयुक्त आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दरभंगा जिला साम्प्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील है। इसलिए सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई होगी।

प्रशासन ने सभी थानाध्यक्षों को चौकीदार एवं दफादारों को सक्रिय रखने तथा विशेष शाखा से लगातार समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया है। जिन क्षेत्रों में पहले साम्प्रदायिक तनाव की घटनाएं हुई हैं या तनाव की आशंका है, वहां शांति समिति को सक्रिय रखते हुए दोनों समुदायों के प्रबुद्ध नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, मुखिया एवं सरपंचों का सहयोग लेने को कहा गया है।

चेहल्लुम के दौरान विधि-व्यवस्था की सतत निगरानी के लिए समाहरणालय, दरभंगा में 4 और 5 अगस्त तक जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06272-240600 निर्धारित किया गया है। वहीं अग्निशमन विभाग को भी नियंत्रण कक्ष में एक अग्निशमन दस्ता तैनात रखने का निर्देश दिया गया है।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त यातायात पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। यातायात थानाध्यक्ष स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्था की निगरानी करेंगे, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

संयुक्त आदेश के अनुसार चेहल्लुम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी प्रकार के अवकाश अगले आदेश तक स्थगित कर दिए गए हैं। केवल विशेष परिस्थितियों में सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से ही अवकाश स्वीकृत होगा।

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से चेहल्लुम पर्व को आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और शांति के साथ मनाने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।