बिरौल में राज्य स्तरीय सब-जूनियर बास्केटबॉल का भव्य समापन, बालक वर्ग में भागलपुर और बालिका वर्ग में गया बनी चैंपियन

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।


बिहार बास्केटबॉल संघ एवं दरभंगा जिला बास्केटबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सब-जूनियर बालक-बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को अभूतपूर्व उत्साह, रोमांचक फाइनल मुकाबलों और भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हुआ। तीन दिनों तक चले इस खेल कुंभ में बिहार के विभिन्न जिलों से आए 400 से अधिक प्रतिभावान बालक-बालिका खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। अंतिम दिन खेले गए फाइनल मुकाबले बेहद कांटेदार और रोमांचक रहे, जहां खिलाड़ियों ने दर्शकों की जमकर तालियां बटोरीं। भागलपुर ने अपनी बेहतरीन रणनीति और शानदार तालमेल के दम पर मुजफ्फरपुर को 41–36 के अंतर से मात देकर राज्य चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। बालिका वर्ग के कड़े मुकाबले में गया की टीम ने वैशाली को 36–32 से पराजित कर विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की। समापन समारोह के मुख्य अतिथि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिरौल प्रभाकर तिवारी,इसके अलावा विशिष्ट अतिथियों में थानाध्यक्ष बिरौल चंद्रमणि, जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह (पप्पू सिंह),संजय कुमार देव कन्हैया तथा डीएवी पब्लिक स्कूल की प्राचार्या श्रीमती स्निग्धा स्नेहा सहित कई खेल प्रेमी व शिक्षाविद मौजूद रहे। समारोह के अंत में विजेता, उप-विजेता एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को चमचमाती ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। बिहार बास्केटबॉल एसोसिएशन के चेयरमैन सुशील कुमार ने इस भव्य आयोजन के लिए बास्केटबॉल एसोसिएशन दरभंगा के अध्यक्ष ब्रजेश चौधरी, सचिव आशीष कुमार, स्किप्स विद्यालय के अध्यक्ष गणेश चौधरी तथा प्रबंध निदेशक नवलेश चौधरी सहित पूरी आयोजन समिति को बधाई दी।