श्रावणी मेले के पहली सोमवारी के दौरान तड़के सुबह ही  ग्रामीण एसपी ने कुशेश्वरस्थान मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा,

श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की समीक्षा, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

दस्तक 7मीडिया /उत्तम सेन गुप्ता /प्रशांत कुमार 

श्रावणी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर दरभंगा पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में सोमवार को ग्रामीण पुलिस अधीक्षक साक्षी कुमारी ने अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ प्रसिद्ध बाबा कुशेश्वरनाथ मंदिर, कुशेश्वरस्थान एवं आसपास के मेला क्षेत्र का तड़के सुबह विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन तथा पुलिस बल की तैनाती का गहन जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ग्रामीण एसपी ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, संवेदनशील स्थानों तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले प्रमुख मार्गों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले के दौरान प्रत्येक पुलिस पदाधिकारी और जवान पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने, महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्ग श्रद्धालुओं की विशेष सहायता सुनिश्चित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह तैयार रहने को कहा।

ग्रामीण एसपी ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित रहे, जाम की स्थिति उत्पन्न न हो तथा श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाए। भीड़ अधिक होने की स्थिति में अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि श्रद्धालु बाबा कुशेश्वरनाथ के दर्शन एवं पूजा-अर्चना सुगमता और सुरक्षा के साथ कर सकें,लापरवाही किसी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।