मृत पशु और कूड़े के अंबार से महामारी फैली तो जिम्मेदार कौन होगा: डॉ. मुन्ना खान

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान

दरभंगा नगर निगम के वार्ड संख्या 29 में एक गाय की मृत्यु की सूचना मिलते ही पूर्व पार्षद, कांग्रेस नेता एवं सृजन साथी अभियान (पटना ग्रामीण) के प्रभारी डॉ. मुन्ना खान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र में संभावित संक्रमण को रोकने के उद्देश्य से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया, ताकि किसी प्रकार की महामारी फैलने की आशंका न रहे।

इस दौरान डॉ. मुन्ना खान ने कहा कि दरभंगा नगर निगम के कई वार्डों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है, जबकि आम जनता लगातार गंदगी और दुर्गंध के बीच रहने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते मृत पशुओं का निष्पादन और कचरे का उठाव नहीं किया गया, तो शहर में संक्रामक बीमारियों के फैलने का गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि गौ-रक्षा की बात करने वाले संगठन और लोग ऐसे समय में कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं, जब सड़कों पर मृत गायों और उनकी दुर्दशा की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि गौ-रक्षा का दावा किया जाता है, तो उसका दायित्व केवल बयानों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि ज़मीनी स्तर पर भी दिखाई देना चाहिए।

डॉ. मुन्ना खान ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से नगर निगम के सफाई कर्मी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं, जिसके कारण शहर के कई इलाकों में कूड़े का अंबार लग गया है और मृत पशुओं का समय पर निस्तारण नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बिहार सरकार से सफाई कर्मियों की जायज़ मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने और हड़ताल समाप्त कराकर सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि गंदगी और मृत पशुओं के कारण दरभंगा में किसी प्रकार की महामारी फैलती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बिहार सरकार और दरभंगा नगर निगम प्रशासन की होगी।