दरभंगा से उठी नशामुक्ति की हुंकार, पीएम मोदी के आह्वान पर युवाओं ने लिया विकसित भारत का संकल्प,

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े एक करोड़ से अधिक युवा, मंत्री मदन सहनी ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ, प्रचार रथ को दिखाई हरी झंडी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा

‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान–2026’ का रविवार को दरभंगा में भव्य शुभारंभ हुआ। समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देशव्यापी संबोधन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रसारित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने एक करोड़ से अधिक युवाओं को संबोधित करते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण का आह्वान किया और युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में माय भारत, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), विभिन्न युवा क्लबों, गैर-सरकारी संगठनों, उद्योग संघों के युवा विंग तथा अन्य संस्थाओं के बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लिया। नशा मुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक का मंचन भी किया गया, जिसने उपस्थित युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।

मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के मंत्री मदन सहनी ने कहा कि नशीले पदार्थ समाज और युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती हैं। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान की जानकारी देते हुए सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

केवटी विधायक मुरारी मोहन झा और दरभंगा ग्रामीण विधायक राजेश कुमार मंडल ने युवाओं से शिक्षा, खेल, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाने का आह्वान किया। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि नशा व्यक्ति की सोच, निर्णय क्षमता और कार्यकुशलता को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से अनुशासित एवं सकारात्मक जीवन अपनाने की अपील करते हुए कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।

कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला रड्डी, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, सहायक आयुक्त मद्यनिषेध प्रदीप कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वयंसेवी संगठन और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। समापन पर सभी ने सामूहिक रूप से नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अतिथियों ने बैलून उड़ाकर अभियान की शुरुआत की तथा प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पुलिस मुख्यालय में भी देखा गया सीधा प्रसारण

इधर, बिहार पुलिस मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का वेबकास्ट के माध्यम से सीधा प्रसारण देखा गया। इस दौरान पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारियों सहित अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया और ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।