1 से 7 अगस्त तक मनाया जाएगा विश्व स्तनपान सप्ताह, माताओं और शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य पर रहेगा विशेष जोर,

‘जीवन की सतत एवं सुदृढ़ शुरुआत के लिए स्तनपान’ थीम के साथ जिलेभर में जागरूकता अभियान, आंगनबाड़ी केंद्रों पर होंगे विशेष कार्यक्रम

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर 1 से 7 अगस्त 2026 तक जिलेभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष का विषय “जीवन की सतत एवं सुदृढ़ शुरुआत के लिए स्तनपान : प्रभावी व्यवस्थाओं को और सशक्त बनाएं” रखा गया है। इसका उद्देश्य माताओं और परिवारों को स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा पहले से प्रभावी व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाना है।

जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जन्म के बाद पहले छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध पिलाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इससे शिशुओं के पोषण स्तर में सुधार होगा, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी और उनके स्वस्थ विकास को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही परिवारों एवं समुदायों को भी स्तनपान के प्रति संवेदनशील और जागरूक बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रमों के तहत गर्भवती एवं धात्री माताओं को पोषण संबंधी परामर्श, बच्चों की नियमित वृद्धि की निगरानी, गृह भ्रमण के माध्यम से मार्गदर्शन तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों पर समुदाय आधारित कार्यक्रम, व्यवहार परिवर्तन संचार (बीसीसी), मीडिया प्रचार-प्रसार और जन-जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।

प्रशासन ने शिशु दुग्ध विकल्प (आईएमएस) अधिनियम, 1992 के प्रभावी पालन पर भी बल दिया है, ताकि माताओं को स्तनपान के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा सके और शिशुओं के लिए स्तनपान को सर्वोत्तम आहार के रूप में प्रोत्साहित किया जा सके। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों, स्वास्थ्यकर्मियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।