पंचायती राज योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश, गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता : मंत्री दीपक प्रकाश,

दरभंगा में विभागीय समीक्षा बैठक, पंचायत सरकार भवन, कन्या विवाह मंडप और सोलर स्ट्रीट लाइट योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

पंचायती राज विभाग की विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने अधिकारियों को सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी हो तथा किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाए।

समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में पंचायत सरकार भवन, मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, जिला परिषद की योजनाओं और मोक्ष धाम निर्माण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने मंत्री दीपक प्रकाश तथा दरभंगा ग्रामीण के विधायक राजेश कुमार मंडल का पाग, चादर और पौधा भेंट कर स्वागत किया।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले की 308 पंचायतों में पंचायत सरकार भवन बनने हैं। इनमें 98 भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 154 भवन निर्माणाधीन हैं। मंत्री ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने तथा कार्यान्वयन एजेंसियों को गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। साथ ही भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को सभी स्वीकृत प्राक्कलनों की प्रति संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि प्रभावी निगरानी हो सके।

बैठक में जिला परिषद की योजनाओं और उसकी भूमि से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने उप विकास आयुक्त को सभी योजनाओं का संचालन नियमों के अनुरूप कराने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के तहत जिले में 75 मंडप स्वीकृत हैं। इनमें 31 योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि शेष का प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है। मंत्री ने भूमि उपलब्ध नहीं होने वाले स्थानों पर शीघ्र भूमि चिन्हित कर निर्माण प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

मोक्ष धाम निर्माण योजना के तहत जिले में 446 स्थलों का सर्वेक्षण पूरा होने की जानकारी दी गई। इस दौरान विधायक राजेश कुमार मंडल ने गौसाघाट एवं धोई घाट के बंद पड़े शवदाह गृहों को पुनः चालू कराने का सुझाव भी दिया।

मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के अंतर्गत जिले को 45,600 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य मिला था, जिसके विरुद्ध अब तक 44,537 स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं, जो लगभग 98 प्रतिशत उपलब्धि है। मंत्री ने खराब स्ट्रीट लाइटों की नियमित जांच और शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही बहेड़ी और कुशेश्वरस्थान प्रखंडों में शेष कार्य जल्द पूरा करने को कहा।

मंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि जिन पंचायतों में पंचायत सरकार भवन तैयार हो चुके हैं, वहां आरटीपीएस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सहयोग पोर्टल पर लंबित आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन और पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया।

बैठक में विधायक राजेश कुमार मंडल ने प्रत्येक पंचायत में खेल मैदान और पुस्तकालय विकसित करने का सुझाव दिया। इस अवसर पर मंत्री के आप्त सचिव अमरेश कुमार अमर, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार यादव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।