दरभंगा में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों से सात माह में ही वसूले गए 7.88 करोड़ रुपये जुर्माना,

जुलाई 2026 तक 42,663 वाहनों का किया गया शमन, पिछले दो वर्षों की तुलना में कार्रवाई और जुर्माना वसूली में उल्लेखनीय बढ़ोतरी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा

ट्रेफिक नियम तोड़ने वालो से दरभंगा पुलिस ने जबरदस्त जुर्माने की वसूल की हे।पटना जिला छोड़कर बिहार का शायद ही ऐसा कोई जिला होंगा जहां से इस मद में सरकार को इतनी राजस्व की प्राप्ति हुई हो।

दरभंगा पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2026 के केवल सात महीनों (जनवरी से जुलाई) में ही 42,663 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 7 करोड़ 88 लाख 68 हजार 200 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। यह आंकड़ा दर्शाता है कि ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर पुलिस की कार्रवाई पहले की तुलना में और अधिक प्रभावी हुई है।

जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में पूरे साल के दौरान 44,916 वाहनों पर कार्रवाई कर 5 करोड़ 21 लाख 71 हजार 900 रुपये का जुर्माना वसूला गया था। वहीं 2025 में कार्रवाई बढ़कर 49,011 वाहनों तक पहुंची और कुल 7 करोड़ 63 लाख 8 हजार 200 रुपये की वसूली की गई।

सबसे दिलचस्प बात यह है कि 2026 में केवल जुलाई तक ही वसूली का आंकड़ा 7.88 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया, जो वर्ष 2025 के पूरे साल की कुल वसूली से भी अधिक है। इससे स्पष्ट है कि यातायात नियमों के पालन को लेकर दरभंगा पुलिस का अभियान लगातार तेज हुआ है।

वर्ष 2026 में अप्रैल माह में सबसे अधिक 8,391 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 57 लाख 15 हजार 380 रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि जुलाई में 8,894 वाहनों पर कार्रवाई कर 1 करोड़ 45 लाख 59 हजार 500 रुपये की वसूली की गई। ये दोनों महीने अभियान के लिहाज से सबसे प्रभावी रहे।