मिथिला क्षेत्र के डीआईजी ने पुलिस केन्द्र लहेरियासराय का किया निरीक्षण, अभिलेखों व संसाधनों की जांच कर दिए आवश्यक निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

मिथिला क्षेत्र, दरभंगा के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) ने शुक्रवार को पुलिस केन्द्र, लहेरियासराय का निरीक्षण किया। आगमन पर उन्हें पुलिस जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के क्रम में डीआईजी ने पुलिस केन्द्र के विभिन्न अभिलेखों की गहन जांच की। उन्होंने जिलादेश पंजी, स्टॉक पंजी, वाहन पंजी, अवकाश पंजी समेत अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया तथा पुलिस लाइन में तैनात जवानों की संचिकाओं और बल विवरणी का भी निरीक्षण किया।

इसके अलावा रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर अभिलेखों को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रखने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा पुलिस वाहनों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के अंत में पुलिस उप-महानिरीक्षक ने पुलिस केन्द्र परिसर में उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए विधि-व्यवस्था के प्रभावी संधारण, अनुशासन, अभिलेखों के समुचित रखरखाव तथा संसाधनों के बेहतर उपयोग को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और तत्परता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।