हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत, बच्चों ने चित्रों में उकेरी देशभक्ति की भावना ,

पिंडारुच विद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित, आज सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ चलेगा जन-जागरूकता अभियान

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), दरभंगा की ओर से केवटी प्रखंड स्थित पीएम श्री +2 राजकीयकृत उच्च विद्यालय, पिंडारुच में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने अपनी रंग-बिरंगी चित्रकारी में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता में विद्यालय के करीब 50 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने तिरंगा, स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रप्रेम से जुड़े विषयों पर मनमोहक चित्र बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के प्रथम चार विजेताओं को शुक्रवार को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से शुक्रवार को विद्यालय परिसर में ‘हर घर तिरंगा’ विषय पर एक दिवसीय जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नुक्कड़ नाटक, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और अभियान के महत्व से अवगत कराया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय संचार ब्यूरो, पटना के उपनिदेशक सह कार्यालय प्रमुख लौकिक पारख ने विद्यार्थियों से देशभक्ति और राष्ट्रीयता पर आधारित चित्र बनाने की अपील करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्र के प्रति सम्मान और एकता की भावना को मजबूत करने का माध्यम है।

इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी भानु कुमार झा, सहायक क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी मिहिर कुमार झा, विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक डॉ. विनय कुमार झा, वरीय शिक्षक डॉ. नमीश कुमार चौधरी, शिक्षिका रेणु कुमारी तथा शिक्षक मुकेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।