खेल प्रशिक्षण केंद्र का जिला खेल पदाधिकारी ने किया निरीक्षण, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत संचालित केंद्र में आवासन, भोजन, स्वच्छता और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का लिया जायजा, जिला स्तरीय समिति गठन की तैयारी

दरभंगा, प्रतिनिधि। मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत एम.एल. एकेडमी परिसर, लहेरियासराय में संचालित खेल प्रशिक्षण केंद्र का गुरुवार को जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार ने निरीक्षण किया। यह निरीक्षण जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर किया गया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान बैडमिंटन प्रशिक्षक निशांत कुमार एवं हैंडबॉल प्रशिक्षक अमित कुमार ने प्रशिक्षण केंद्र में आवासन, भोजन, नियमित अभ्यास और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी। जिला खेल पदाधिकारी ने मेड स्टाफ, साफ-सफाई, पेयजल, आवासीय व्यवस्था और प्रशिक्षण संबंधी सुविधाओं का भी बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि केंद्र में बैडमिंटन और हैंडबॉल विधा के करीब 40 राज्य स्तरीय खिलाड़ी नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। साथ ही सभी खिलाड़ी अपनी पढ़ाई भी सुचारु रूप से जारी रखे हुए हैं।

निरीक्षण के दौरान जिला खेल पदाधिकारी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र संचालकों एवं प्रशिक्षकों को निर्देश दिया कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण भोजन, सुरक्षित आवासन और अन्य आवश्यक सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने बताया कि एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र, दरभंगा के सुचारु संचालन एवं समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जल्द ही जिला स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा, जिससे प्रशिक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।