हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-आंदोलन बनाने में मीडिया निभाए अहम भूमिका : डीएम,

पीआईबी की क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्ता’ आयोजित, तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रभक्ति का दिया संदेश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की मीडिया इकाई पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), पटना की ओर से गुरुवार को समाहरणालय परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में ‘हर घर तिरंगा’ विषय पर एक दिवसीय क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्ता’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन जिलाधिकारी कौशल कुमार, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कमांडेंट राजेंद्र कुमार, साहित्यकार डॉ. अमलेन्दु शेखर पाठक, पीआईबी पटना के उप निदेशक लौकिक पारख तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का महापर्व है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और प्रतिबद्धता प्रदर्शित करने की अपील की। साथ ही मीडिया से इस अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने में सकारात्मक भूमिका निभाने का आग्रह किया।

पीआईबी के उप निदेशक लौकिक पारख ने अभियान की अवधारणा और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका लक्ष्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने पत्रकारों से अभियान के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

एसएसबी कमांडेंट राजेंद्र कुमार ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि एसएसबी की ओर से 9 से 17 अगस्त तक सीमा चौकियों पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जाएगा, जिसमें स्कूली बच्चों के बीच तिरंगा वितरण, जागरूकता कार्यक्रम और देशभक्ति से जुड़े विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष और राष्ट्रहित में पत्रकारिता करने की अपील भी की।

साहित्यकार डॉ. अमलेन्दु शेखर पाठक ने कहा कि यह अभियान सामाजिक चेतना और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने विश्वास जताया कि मिथिला की धरती से इस अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा और यह नई पीढ़ी तक राष्ट्रीय मूल्यों को पहुंचाने में महत्वपूर्ण साबित होगा।

कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय संचार ब्यूरो के कलाकारों द्वारा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति से हुई। तकनीकी सत्र में पीआईबी के मीडिया एग्जीक्यूटिव संदीप कपूर ने पीआईबी की कार्यप्रणाली, डिजिटल प्लेटफॉर्म और फैक्ट चेक तंत्र की जानकारी दी। कार्यशाला के दौरान पत्रकारों के साथ प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें मीडिया प्रतिनिधियों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय संचार ब्यूरो, दरभंगा के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी भानु कुमार झा ने किया। इसमें बड़ी संख्या में पत्रकार और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।